Tuesday, July 21, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंड: चतरा में एलएलबी छात्रा की हत्या में बड़ा खुलासा, एक आरोपी...

झारखंड: चतरा में एलएलबी छात्रा की हत्या में बड़ा खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

0
9

चतरा, 17 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले में एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी पासवान की हत्या के मामले का पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश उसके प्रेमी राहुल यादव ने रची थी, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

26 जून को हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो स्थित एक बंद पत्थर खदान से एक युवती का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान बिहार के गया जिले की रहने वाली एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी पासवान के रूप में हुई। शुरुआती जांच में मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर प्रतीत हो रहा था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दिव्या और राहुल यादव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।

आरोप है कि राहुल ने शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण किया, लेकिन बाद में विवाह से इनकार कर दिया। इसके बाद दिव्या ने शेरघाटी में राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसके चलते वह जेल भी गया था। पुलिस के अनुसार, दर्ज मुकदमे में अगले सप्ताह एससी-एसटी अदालत में दिव्या की महत्वपूर्ण गवाही प्रस्तावित थी।

जांच में सामने आया है कि राहुल केस वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। जब इसमें सफलता नहीं मिली तो उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दिव्या की हत्या की साजिश रची। पुलिस का कहना है कि 24 जून को राहुल ने दिव्या को मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से चतरा के जजलो स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया।

मामले की जांच के दौरान एक वायरल ऑडियो और तकनीकी साक्ष्य अहम साबित हुए। ऑडियो में राहुल यादव दिव्या पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाता सुनाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गया जिले से नेपाली गंझू नामक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने छात्रा का मोबाइल और कुछ नगदी बरामद की है। चतरा पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार और झारखंड में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

–आईएएनएस

एसएनसी/वीसी