Wednesday, July 22, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखण्ड: गढ़वा में दिनदहाड़े बाइक सवार की गोली मारकर हत्या, जांच में...

झारखण्ड: गढ़वा में दिनदहाड़े बाइक सवार की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

0
12

गढ़वा, 19 जुलाई (आईएएनएस)। बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो के जंगल मे रविवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस ने मौके से तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा और मृतक की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सिमडेगा जिले के दीपक कुजूर (35) के रूप में हुई है। मृतक का वर्तमान में रामकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव स्थित ससुराल में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार दीपक अपाची बाइक से बड़गड़ से भंडरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया। ललमटिया मोड़ के पास अपराधियों ने उसे रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दीपक कुजूर को तत्काल इलाज के लिए भंडरिया अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक अपराधी ने पहले दो राउंड हवा में फायरिंग की, उसके बाद दीपक की कनपटी पर गोली मार दी। दोनों अपराधी बिना चेहरा ढके मुख्य सड़क पर वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो गए।

प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे लेन-देन का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की सूचना पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) रोहित रंजन सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 10:30 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़ा है। राहगीरों ने गोली चलने की आवाज सुनने की जानकारी दी थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले का अनुसंधान जारी है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।