Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंड : हजारीबाग में प्रिंस खान गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़,...

झारखंड : हजारीबाग में प्रिंस खान गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक अपराधी घायल

0
4

हजारीबाग, 30 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के हथियारबंद अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। दोनों ओर से हुई कई राउंड फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान गिरोह का एक अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो-तीन साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल अपराधी को पुलिस कस्टडी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अपराधी बड़कागांव के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के आसपास जुटे हैं और किसी बड़ी वारदात अथवा रंगदारी वसूली की योजना बना रहे हैं।

सूचना के बाद जिले के संवेदनशील इलाकों, कोल ट्रांसपोर्टिंग मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर विशेष जांच अभियान चलाया गया। बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, टीम के 13 माइल के समीप पहुंचते ही पहले से घात लगाए अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक अपराधी घायल होकर गिर पड़ा। उसके अन्य साथी जंगल की ओर भाग निकले। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह का संबंध हाल ही में एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह कोयला परियोजना क्षेत्र में हाईवा वाहनों पर हुई फायरिंग से भी जोड़ा जा रहा है।

26 जुलाई को बड़कागांव स्थित एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह परियोजना में अपराधियों ने कोयला लदे हाईवा वाहनों पर फायरिंग की थी और घटनास्थल पर प्रिंस खान गिरोह के नाम का पर्चा छोड़ा था। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर जंगलों में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पिछले एक सप्ताह के भीतर हजारीबाग के कोयला क्षेत्रों में पुलिस और रंगदारी गिरोहों के बीच यह दूसरी मुठभेड़ है। 24 जुलाई को केरेडारी थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों से हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हुआ था और दो बदमाश गिरफ्तार किए गए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की थी।

–आईएएनएस

एसएनसी/एसके