Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंड के दुमका में दोस्त की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, आरोपी...

झारखंड के दुमका में दोस्त की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, आरोपी फरार

0
5

दुमका, 26 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में एक युवक पर उसके ही करीबी दोस्त ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आरोपी की पत्नी और मृतक के बीच कथित नजदीकी संबंध का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस पहलू की अभी जांच की जा रही है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मृतक शुक्रवार को अपने दोस्त के घर गया था और रात वहीं रुका था। शनिवार दोपहर वह घर में चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या उसके दोस्त ने की है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी की पत्नी और मृतक के बीच कथित प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण हत्या की वारदात हुई। मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ के दौरान मृतक और आरोपी की पत्नी के बीच कथित नजदीकी संबंध होने की जानकारी मिली है, लेकिन इसकी पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मृतक के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट के मामलों में भी केस दर्ज थे और वह दो बार जेल जा चुका था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।