रांची, 24 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में मतदाता सूची के सत्यापन और उसमें सुधार के लिए 25 अगस्त से ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ कार्यक्रम शुरू होगा। यह अभियान 4 सितंबर तक राज्यभर में चलाया जाएगा। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का सत्यापन करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने सोमवार को बताया कि अभियान का उद्देश्य एक ही परिवार और घर में रहने वाले मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज कराना है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 5 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के बाद घर-घर सत्यापन किया जाएगा। बीएलओ यह भी जांच करेंगे कि पात्र नागरिकों के नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में दर्ज नहीं हैं, उनके द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 और घोषणापत्र जमा किए जाने तथा उसका डिजिटाइजेशन होने की भी जांच की जाएगी। सत्यापन के दौरान यह भी देखा जाएगा कि एक परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में तो दर्ज नहीं हैं। यदि किसी मतदाता का नाम उसके सामान्य निवास से संबंधित मतदान केंद्र के बजाय किसी अन्य मतदान केंद्र में दर्ज है, तो उसे सही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरने में बीएलओ सहयोग करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि झारखंड में सामान्य रूप से निवास करने वाले ऐसे मतदाता, जिनका नाम बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे भी फॉर्म-8 और निर्धारित घोषणापत्र के माध्यम से अपना नाम झारखंड के वर्तमान सामान्य निवास वाले मतदान केंद्र में स्थानांतरित करा सकते हैं। अभियान के दौरान परिवारों में ‘फैमिली टूगेदर’ स्टीकर भी लगाया जाएगा। इसके जरिए परिवार के सभी वयस्क और पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज होने की अपील की जाएगी।
के. रवि कुमार ने नागरिकों से बीएलओ को सहयोग करने और अपने तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम एवं विवरण की जांच करने की अपील की। युवा मतदाता इसीआईनेट के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सहायता के लिए 1950 हेल्पलाइन या इसीआईनेट के ‘बुक ए कॉल’ फीचर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

