Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंडः पलामू में बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, गांव में सनसनी

झारखंडः पलामू में बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, गांव में सनसनी

0
6

मेदिनीनगर, 10 जून (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में 66 वर्षीय एक बुजुर्ग की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार देर रात करार पंचायत के नादगाद गांव निवासी धनराज भुइयां की धारदार हथियार से हत्या कर दी।

बुधवार को मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी बुधवार सुबह ग्रामीणों को मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी अथवा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। मामले में संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है।

इधर, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने घटना की गहन जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए फॉरेंसिक जांच और खोजी कुत्तों की मदद ली जानी चाहिए। इस बीच, पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि इलाके के संदिग्ध ठिकानों और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि अपराधियों के सुराग जल्द मिल सकें।

घटना की सूचना मिलने के बाद जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और मामले के जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एसके