रांची, 10 जून (आईएएनएस)। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव में बुधवार को हाई वोल्टेज राजनीतिक हंगामे के बीच भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी का नामांकन पत्र वैध घोषित कर दिया गया। राज्यसभा चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी रंजीत कुमार ने कांग्रेस की ओर से दाखिल सभी आपत्तियों को खारिज करते हुए नाथवानी का नामांकन स्वीकार कर लिया।
निर्वाची पदाधिकारी ने अपने आदेश में कहा कि परिमल नाथवानी का नामांकन पत्र जांच के दौरान वैध पाया गया है और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 36 के तहत इसे स्वीकार किया जाता है। इससे पहले बुधवार सुबह 10:30 बजे से झारखंड विधानसभा परिसर में निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नाथवानी के नामांकन को लेकर विस्तृत सुनवाई हुई।
दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने अपने-अपने तर्क रखे। सुनवाई करीब दो घंटे तक चली, जिसके बाद निर्वाची पदाधिकारी ने फैसला सुरक्षित रख लिया। उन्होंने शाम में अपना आदेश जारी किया। उधर, सुनवाई के दौरान विधानसभा परिसर और उसके बाहर राजनीतिक माहौल भी गर्म रहा। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग प्रदर्शन किए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उनकी ओर से पक्ष रखने पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद को सुनवाई कक्ष में प्रवेश करने से रोका गया। कांग्रेस नेताओं ने निर्वाची पदाधिकारी पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में राज्य सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह समेत कांग्रेस के कई नेता शामिल हुए।
वहीं, भाजपा के कई नेता-कार्यकर्ता भी नाथवानी के समर्थन में विधानसभा पहुंचे और उनके नामांकन को वैध ठहराने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
बता दें कि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के प्रस्तावक और कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने नाथवानी के नामांकन पत्र पर आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि नामांकन पत्र और अन्य दस्तावेजों में उम्मीदवार का नाम अलग-अलग तरीके से दर्ज है। कुछ दस्तावेजों में नाम ‘परिमल नाथवानी’ जबकि अन्य में “नाथवानी परिमल” लिखा गया है। इसके अलावा नामांकन पत्र के कुछ कॉलम रिक्त छोड़ने और आवश्यक सूचनाएं नहीं देने का आरोप भी लगाया गया था।
इन आपत्तियों के बाद 9 जून को निर्वाची पदाधिकारी ने परिमल नाथवाणी का नामांकन पत्र होल्ड पर रखा था और आपत्तियों पर दोनों पक्षों की सुनवाई 10 जून को निर्धारित की थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अंततः सभी आपत्तियां खारिज कर दी गईं। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। चुनाव मैदान में सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार झामुमो के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा के अलावा भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी हैं।

