Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन स्वस्थ जीवन का आधार, बढ़ती उम्र में फिट और एक्टिव रहने का...

स्वस्थ जीवन का आधार, बढ़ती उम्र में फिट और एक्टिव रहने का मंत्र है योगासन: पूनम ढिल्लों

0
1

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। विश्व योग दिवस 2026 के आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, जिसे लेकर भारत सरकार का आयुष मंत्रालय योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही लगातार लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील कर रहा है। इसी कड़ी में मंत्रालय विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों के प्रेरणादायक वीडियो भी पोस्ट कर रहा है। मंत्रालय ने अभिनेत्री पूनम ढिल्लों का एक वीडियो जारी किया, जिसमें वह योग के महत्व पर अपने विचार रखती नजर आईं।

आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “उम्र बढ़ना जीवन की एक स्वाभाविक और सुंदर सच्चाई है, लेकिन स्वस्थ, मजबूत और लचीला बने रहना हमारे अपने हाथ में है।” मंत्रालय ने बताया कि इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है। इस थीम का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि नियमित योग अभ्यास बढ़ती उम्र में भी शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

वहीं, पूनम ढिल्लों ने पोस्ट किए वीडियो में बताया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक मान्यता मिली है। उम्र बढ़ना जीवन का एक अटल सच है और हर व्यक्ति चाहता है कि बढ़ती उम्र के साथ वह न केवल अच्छा दिखे बल्कि स्वस्थ, ऊर्जावान और सक्रिय भी बना रहे।

पूनम ढिल्लों ने कहा कि योग एक ऐसा माध्यम है, जो बढ़ती उम्र में भी शरीर की लचक, गतिशीलता और मानसिक शांति बनाए रखने में मदद करता है। वास्तविकता है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने का एक प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि योग हमें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देता है।

अभिनेत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने ‘योग 365’ का संदेश देते हुए कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन के लिए निरंतर अपनाई जाने वाली आदत है।

उन्होंने देशवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। पूनम ढिल्लों ने कहा कि योग को अपनाकर लोग न केवल बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि बढ़ती उम्र में भी सक्रिय और खुशहाल जीवन जी सकते हैं।