Tuesday, July 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति जो भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वे आज मंदिर...

जो भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वे आज मंदिर से जुड़े मामलों का हिसाब मांग रहे : दयाशंकर सिंह

0
8

बलिया, 20 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर लिखे गए पत्र पर उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बलिया में आईएएनएस से बात करते हुए दया शंकर सिंह ने कहा, “इस मामले में पहले से ही कार्रवाई जारी है और कुछ लोग जेल भी जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से उठाए गए सवालों पर मंत्री दया शंकर सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस नेताओं को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे वास्तव में भगवान राम में आस्था रखते हैं। कांग्रेस ने अतीत में रामसेतु से जुड़े मुद्दे पर ऐसा रुख अपनाया था, जिससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं।”

उन्होंने कहा, “रामसेतु भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रतीक है, जिसका उल्लेख रामायण सहित कई ग्रंथों में मिलता है। कांग्रेस सरकार के समय रामसेतु को लेकर इसे हटाने की कोशिश की गई थी। जो लोग पहले भगवान राम के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाते थे, वे आज राम मंदिर से जुड़े मामलों का हिसाब मांग रहे हैं।”

मंत्री ने सवाल उठाया, “कांग्रेस के नेता राम मंदिर दर्शन के लिए गए हैं या उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए कोई योगदान दिया है। यदि जांच की मांग की जा रही है तो यह अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक आरोप लगाने से पहले अपने पुराने बयानों और रुख पर भी विचार करना चाहिए। राम मंदिर चंदे से जुड़े मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है। जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और किसी भी व्यक्ति के दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।”

वहीं, वंदे मातरम विधेयक को लेकर भी मंत्री दया शंकर सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा, “वंदे मातरम बिल देश के लिए गर्व का विषय है। यह स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय नायकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से जुड़े ऐसे कदमों का सभी को स्वागत करना चाहिए।”