एडिलेड, 15 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला एडिलेड ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 355 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए हैं। जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली।
रूट ने 68 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से 62 रन बनाए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही रूट ने बड़ा मुकाम भी हासिल कर लिया है। रूट इंग्लैंड की तरफ से वनडे क्रिकेट में 50 अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रूट ने अपना अर्धशतक पारी के 22वें ओवर में पूरा करते हुए यह खास उपलब्धि हासिल की। रूट के बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन का नाम है, जिन्होंने 50 ओवर के फॉर्मेट में कुल 42 फिफ्टी लगाई हैं।
वहीं, इयान बेल 35 अर्धशतक के साथ तीसरे नंबर पर हैं। वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भारत के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 463 वनडे मुकाबलों में कुल 96 अर्धशतक लगाए हैं। सचिन के बाद इस सूची में दूसरे नंबर पर 93 अर्धशतक के साथ कुमार संगाकारा हैं, जबकि जैक कैलिस 86 फिफ्टी के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
रूट इंग्लैंड की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक, अर्धशतक और रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रूट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में टॉम बैंटन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 136 गेंदों में 137 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। टॉम बैंटन कमाल की लय में दिखाई दिए और उन्होंने 99 गेंदों में 121 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के लगाए।
वहीं, जॉर्डन कॉक्स ने 49 गेंदों का सामना करते हुए 67 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अंत के ओवरों में विल जैक्स ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और एक छक्के की मदद से 54 रनों की बढ़िया पारी खेली। 355/6 का स्कोर इंग्लैंड का वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

