SGSU Advertisement
Home खेल ‘कभी नहीं सोचा था कि मैं इस मुकाम तक पहुंच पाऊंगा’, अर्जुन...

‘कभी नहीं सोचा था कि मैं इस मुकाम तक पहुंच पाऊंगा’, अर्जुन अवॉर्ड मिलने के बाद पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल

0
1

भरतपुर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल को शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया। रुद्रांश अपने करियर में अब तक 25 इंटरनेशनल मेडल जीत चुके हैं। इसके साथ ही वह चार बार वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं।

अर्जुन अवॉर्ड मिलने के बाद रुद्रांश और उनका पूरा परिवार बेहद खुश है। रुद्रांश ने कहा कि वह अगले पैरालंपिक में भी देश के लिए मेडल लेकर आना चाहते हैं।

रुद्रांश ने आईएएनएस के साथ बातचीत करते हुए कहा, “जी, मैं बहुत खुश हूं और यह काफी गर्व की बात है कि मुझे अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। इसका श्रेय मैं अपने परिवार, माता-पिता, कोच और सपोर्ट टीम को देना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे आगे बढ़ाने के लिए इतनी मेहनत की।”

उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इस मुकाम तक पहुंच पाऊंगा। मुझे शूटिंग करते हुए 10 साल हो गए हैं। शुरुआत में बिल्कुल भी नहीं लगता था कि यहां तक पहुंच पाऊंगा। मेरी चाहत यही थी कि भारतीय टीम में आ सकूं। मैं जब भारतीय टीम में आया, तो मैंने और ज्यादा मेहनत की। मेरे गोल और ज्यादा बड़े बने। मैंने पिछली बार पेरिस पैरालंपिक में हिस्सा लिया था और मैं एशियन गेम्स में मेडल जीतने में भी सफल रहा था। मैं यही उम्मीद करता हूं कि अगले पैरालंपिक में भी मैं देश के लिए पोडियम फिनिश करूं। मैं यही कहना चाहता हूं कि आप अनुशासन में रहिए और लगातार मेहनत करते रहिए, ऐसा करने से आप जरूर सफल होंगे।”

रुद्रांश की मां बेटे को अर्जुन अवॉर्ड मिलने से गदगद नजर आईं। उन्होंने कहा, “आज मुझे काफी अच्छा और गौरवान्वित महसूस हो रहा है कि मेरे बेटे को राष्ट्रपति के हाथों से अर्जुन अवॉर्ड मिला। यह बहुत बड़ी बात है। दिल्ली से ही हमारा यह सफर शुरू हुआ था। खेल जगत तो बाद में जुड़ा। वो दिल्ली का सफर जब इसके पैर में हादसा हुआ था और आज का दिल्ली का यह सफर, 10 से 15 वर्षों में जिंदगी में बहुत सारे बदलाव आए। हमने हर उतार-चढ़ाव देखें, लेकिन कहते हैं कि परमात्मा अगर कुछ लेता है, तो कुछ देता है।”

रुद्रांश की मां ने आगे कहा, “बस इसी उम्मीद और इसकी मेहनत से हम आगे बढ़े। लगता था कि यह इतनी मेहनत करता है, इतने मेडल लाता है, तो सरकार ध्यान दे। मुख्यमंत्री द्वारा भी पहले रुद्रांश सम्मानित हो चुका है, लेकिन उनकी तरफ से हमें कुछ ऐसा महसूस नहीं होता था कि हमारे ऊपर कोई है। हालांकि, अर्जुन अवॉर्ड जीतने के बाद लगता है कि कोई हमारे ऊपर है। बच्चे ने अपने खेल के दम पर राष्ट्रपति का ध्यान आकर्षित किया। यह उसकी मेहनत है और भरतपुर का सौभाग्य है। मैं बतौर लेक्चरर बच्चों को यही सिखाती हूं कि मेहनत इतनी शांति से करो कि सफलता शोर मचाए और यह लाइन मेरे बेटे पर एकदम फिट बैठती है।”