Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth कई केंद्रों पर एसएससी जीडी कांस्टेबल की परीक्षा रद्द, अरविंद केजरीवाल ने...

कई केंद्रों पर एसएससी जीडी कांस्टेबल की परीक्षा रद्द, अरविंद केजरीवाल ने सरकार और व्यवस्था पर उठाए सवाल

0
5

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी के पेपर लीक के बाद अब कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) जनरल ड्यूटी (जीडी) कांस्टेबल की परीक्षा में भी कई जगहों से गड़बड़ियों की खबर सामने आ रही है।

कई केंद्रों पर मंगलवार को एसएससी जीडी कांस्टेबल की परीक्षा रद्द कर दी गई है। यह फैसला परीक्षा केंद्रों पर क्षमता से दोगुनी छात्रों की उपस्थिति और प्रशासनिक अव्यवस्था की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आयोग द्वारा लिया गया है।

इसी को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्ट ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “नीट, सीबीएसई कक्षा 12वीं के बाद अब एसएससी जीडी में भी कई जगहों से गड़बड़ियों की खबर आ रही है।”

उन्होंने आगे लिखा, “कई जगहों से शिकायत आ रही है कि सर्वर में खराबी आ गई, कई जगह एग्जाम सेंटर पर क्षमता से ज्यादा बच्चों को बुला लिया गया।” इसी के साथ उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि ये किस तरह की सरकार है जो एक पेपर ठीक से नहीं करा पा रही?

वहीं, अरविंद केजरीवाल की ओर से शेयर किए गए पोस्ट में एक छात्रा की भी प्रतिक्रिया है, जो परीक्षा कैंसिल होने पर कहती है, “जब सीट नहीं थी तो यहां परीक्षा के लिए छात्रों को बुलाना ही नहीं चाहिए था।” छात्रा ने परीक्षा व्यवस्था और हालात से आक्रोशित होते हुए कहा, “हम कहां से, कैसे और कितनी मुश्किलों से यहां आए है, हमारे ऊपर कितना दबाव है, सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है।”

छात्रा आगे कहती है, “हम सीधे लाइब्रेरी से पढ़ाई कर परीक्षा केंद्र पर आए हैं। सुबह 4.30 बजे से निकले हुए हैं, लेकिन सरकार और व्यवस्था को इससे कोई मतलब नहीं है।”

बता दें कि जिन छात्रों की एसएसएसी जीडी कांस्टेबल परीक्षा 25 और 26 मई को आयोजित होनी थी, लेकिन केंद्र पर छात्रों की संख्या क्षमता से ज्यादा हो जाने और प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण रद्द हो गई, उनके लिए परीक्षा दोबारा 27 मई (बुधवार) को आयोजित की जाएगी।