Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली : करोल बाग में नकली यूएनओ मिंडा स्विचों का बड़ा रैकेट...

दिल्ली : करोल बाग में नकली यूएनओ मिंडा स्विचों का बड़ा रैकेट पकड़ा, तीन गिरफ्तार

0
3

नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने ऑटो पार्ट्स के क्षेत्र में चल रहे नकली उत्पादों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोल बाग की तीन थोक दुकानों से यूएनओ मिंडा ब्रांड के 10,650 नकली स्विच बरामद किए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी सस्ते विदेशी निर्मित ऑन/ऑफ स्विच आयात करते थे और उन पर प्रतिष्ठित ब्रांड यूएनओ मिंडा का ट्रेडमार्क फर्जी तरीके से अंकित कर उन्हें बाजार में असली उत्पाद के रूप में बेचते थे। इससे वे भारी मुनाफा कमा रहे थे।

एसीपी संजय कुमार नागपाल की देखरेख में इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व वाली टीम को 19 मई 2026 को विश्वसनीय सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने यूएनओ मिंडा कंपनी के कानूनी प्रतिनिधियों के साथ मिलकर करोल बाग क्षेत्र में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 10,650 नकली यूएनओ मिंडा स्विच बरामद किए। इनमें मल्होत्रा एंटरप्राइज से 8,500 स्विच, कनक ऑटो स्पेयर्स से 650 स्विच और परी एंटरप्राइजेज से 1,500 स्विच जब्त किए गए। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें राजेश मल्होत्रा (मल्होत्रा एंटरप्राइज के प्रोप्राइटर), सोम भुटानी (कनक ऑटो स्पेयर्स के प्रोप्राइटर) और कमल रसवंत (परी एंटरप्राइजेज के प्रोप्राइटर) शामिल हैं।

तीनों आरोपी पिछले 15-20 वर्षों से ऑटो पार्ट्स के थोक कारोबार में सक्रिय थे। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि विदेश से सस्ते स्विच मंगाकर उन पर यूएनओ मिंडा का ब्रांड नाम लगाकर उन्हें असली माल के रूप में बेचा जाता था।

इस मामले में 20 मई 2026 को क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर संख्या 133/2026 दर्ज की गई है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 318(4), 336(3) और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि यह रैकेट केवल करोल बाग तक सीमित नहीं है। आगे की जांच में पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा रहा है। बरामद सभी स्विच विदेश से आयात किए गए थे।

दिल्ली पुलिस ने नकली और डुप्लीकेट उत्पादों के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। ऐसे उत्पाद न केवल ब्रांडेड कंपनियों को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं, खासकर ऑटो पार्ट्स के मामले में।

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) संजीव कुमार यादव ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि नकली सामान के कारोबार पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी।