पुरी, 13 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शनिवार को ओडिशा के पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर का दौरा किया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए शक्ति और आशीर्वाद मांगा।
मंत्री प्रल्हाद जोशी अपने परिवार के साथ शनिवार सुबह श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के गेट पर मत्था टेका और अंदर प्रवेश किया।
मंदिर में दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मुझे जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने का मौका मिला और भगवान जगन्नाथ के दर्शन का अनुभव सचमुच बहुत सुखद और सौभाग्यपूर्ण था। चूंकि अभी ‘अधिक मास’ का पवित्र महीना चल रहा है, इसलिए मैं अपने परिवार के साथ मंदिर गया था। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,401 दिन पूरे कर लिए हैं, जिससे वे लगातार इस पद पर रहने वाले सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं।”
प्रल्हाद जोशी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। ये परिवर्तन भारत को आगे लेकर जाएगा। मैं यही कामना करता हूं कि भगवान जगन्नाथ प्रधानमंत्री मोदी को शक्ति दें। वैश्विक परिस्थितियों के कारण भारत पर आए असर से बाहर निकलने के लिए भी पीएम मोदी को आशीर्वाद दें।
उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था अभी भी सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। यह पीएम मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है। भारतीय अर्थव्यवस्था को अगले स्तर पर ले जाने का प्रयास जारी है।
इस दौरान, तृणमूल कांग्रेस में फूट पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा, “मैंने पहले भी कहा है कि टीएमसी सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि लुटेरों का गिरोह थी। अब जब भ्रष्टाचार के मौके नहीं बचे हैं, तो इसके सदस्य भाग रहे हैं और इसमें भाजपा की कोई भूमिका नहीं है।”

