Saturday, June 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राजस्थान: सीकर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, निचले इलाके जलमग्न

राजस्थान: सीकर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, निचले इलाके जलमग्न

0
4

सीकर, 13 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के सीकर जिले में भीषण गर्मी के बीच बीती रात अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन तेज बारिश ने नगर परिषद और जिला प्रशासन की तैयारियों की पोल भी खोल दी। देर रात करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद पूरी रात रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा, जो अलसुबह तक हल्की बूंदाबांदी के रूप में चलता रहा।

बारिश के चलते सीकर शहर सहित बड़े कस्बों के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कई प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मानसून से पहले हुई इस बारिश ने बारिश के पानी की निकासी को लेकर किए गए प्रशासनिक दावों की वास्तविकता उजागर कर दी।

शहर की नवलगढ़ रोड, पिपराली रोड, पुराना लोहारू बस स्टैंड, बजाज रोड, सिल्वर जुबली रोड, फतेहपुर रोड, दो नंबर डिस्पेंसरी क्षेत्र और रोडवेज बस डिपो सहित कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इन मार्गों पर पानी भर जाने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। सबसे गंभीर स्थिति राधाकिशनपुरा रेलवे अंडरपास में देखने को मिली, जहां करीब 8 फीट तक पानी भर गया, जिससे शहर और राधाकिशनपुरा के बीच सीधा संपर्क पूरी तरह टूट गया।

इस दौरान, रोडवेज प्रशासन की लापरवाही भी सामने आई, जब सीकर रोडवेज बस डिपो परिसर में करीब 3 फीट तक पानी भर गया। इससे बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

शहर के अन्य निचले इलाकों में भी कई घंटों तक पानी की निकासी नहीं हो सकी, जिसके चलते 2 से 3 फीट तक जलभराव बना रहा और आमजन परेशान होते नजर आए। हालांकि, बारिश से तापमान में गिरावट आने के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत अवश्य मिली।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 14 जून से 16 जून तक जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन के सामने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और संभावित स्थिति से निपटने की चुनौती बनी हुई है।