Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, गौतमबुद्धनगर में 8 खाद्य पदार्थों के...

खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, गौतमबुद्धनगर में 8 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

0
6

नोएडा, 28 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में बढ़ती गर्मी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने आइसक्रीम एवं अन्य खाद्य निर्माण इकाइयों पर निरीक्षण कर कुल 8 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान आइसक्रीम, कुल्फी, शीतल पेय और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट और गुणवत्ता में कमी की शिकायतों को रोकने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने सूरजपुर ग्रेटर नोएडा स्थित लक्ष्मी आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसकैंडी का एक नमूना तथा डिवाइन आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसक्रीम का एक नमूना जांच के लिए लिया।

वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज और रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-64 नोएडा स्थित गोल्ड स्मिथ रिटेल सर्विसेज लिमिटेड की निर्माण इकाई पर निरीक्षण किया। यहां से निरूला ब्रांड के दूध, क्रीम और रेड वेलवेट क्रीम के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। जांच के दौरान रेड वेलवेट क्रीम के लेबल पर पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां अंकित नहीं पाई गईं। इस अनियमितता को गंभीर मानते हुए विभाग ने 2.3 किलोग्राम वजन वाले 25 डिब्बों को अग्रिम आदेश तक सीज कर दिया।

इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और एसके पाण्डेय की टीम ने सेक्टर-73 नोएडा स्थित क्वार्ले आइसक्रीम से आइसक्रीम का नमूना लिया। दूसरी ओर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह, ओपी सिंह और एसके पाण्डेय की संयुक्त टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 रोजा जलालपुर स्थित भवनाथ आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स निर्माण इकाई से कुल्फी और बादाम शेक के नमूने संग्रहित किए।

विभाग द्वारा लिए गए सभी 8 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त विभाग ने हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायतों के मद्देनजर जिले के विभिन्न स्टोरों पर भी जांच अभियान चलाया। हालांकि, निरीक्षण के दौरान कहीं भी हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं पाई गई।

सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कहा कि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार जांच अभियान जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्ता युक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकें।