SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कोलकाता हादसे पर सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने जताया दुख, बोले-पीड़ित परिवारों...

कोलकाता हादसे पर सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने जताया दुख, बोले-पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार

0
2

कोलकाता, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। कोलकाता दुर्गा पूजा में मची भगदड़ पर सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने दुख जताया । उन्होंने कहा कि इस हादसे पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री लगातार नजर बनाए हुए हैं और पूरी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जो लोग हमें छोड़कर चले गए हैं, उन्हें हम वापस तो नहीं ला सकते लेकिन पूरी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुद अस्पताल में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उसके बाद घटनास्थल का भी जायजा लिया।”

उन्होंने मुआवजे को लेकर बताया कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई है। वहीं, जो लोग घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं, उन्हें 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। केंद्र सरकार की ओर से भी सहायता का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

इस दौरान सांसद महतो ने पिछले दिनों की घटनाओं का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि करीब एक साल पहले दार्जिलिंग में बाढ़ के कारण लगभग सौ लोगों की मौत हो गई थी। उस समय बंगाल की तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दांडिया कार्यक्रमों में व्यस्त थीं और आज वह सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कह रही हैं कि वर्तमान सरकार सही से काम नहीं कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि पिछली स्थिति और अब की स्थिति में बहुत अंतर है। मुख्यमंत्री खुद सामने खड़े होकर हर जगह का जायजा ले रहे हैं। रात के दो बजे तक वह स्थिति को संभालने में लगे रहे। बंगाल की जनता उनके नेतृत्व को स्वीकार करती है और उनके नेतृत्व में खुश है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर सांसद ने बताया कि गृह मंत्री भी यहां पहुंचे हुए हैं और उन्होंने घटना से जुड़ी हर जानकारी का जायजा लिया है। वह लगातार पूरे मामले की खबर ले रहे हैं। वह अस्पताल में भर्ती पीड़ित लोगों से मुलाकात करेंगे और इसके लिए उन्होंने अपने बाकी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में सभी सरकारी उत्सव कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। अब केवल पूजा-पाठ ही होगा, उत्सव का कोई माहौल नहीं रहेगा।