Sunday, August 9, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth कोंकण रेलवे में 134 अप्रेंटिस ट्रेनी पदों पर नियुक्ति का अवसर, जानें...

कोंकण रेलवे में 134 अप्रेंटिस ट्रेनी पदों पर नियुक्ति का अवसर, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

0
8

नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। रेलवे में नौकरी करना लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) ने स्पेशल ड्राइव और नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (एनएटीएस) के तहत अप्रेंटिस ट्रेनी के विभिन्न 134 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।

कोंकण रेलवे की ओर से जारी 134 रिक्तियों में बीई सिविल इंजीनियरिंग के 24, बीई इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 18, बीई इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 8, बीई मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 10, डिप्लोमा (सिविल) के 20, डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल) के 12, डिप्लोमा (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 7, डिप्लोमा (मैकेनिकल) के 15 और जनरल स्ट्रीम ग्रेजुएट के 20 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक फिटनेस और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद ग्रेजुएट अप्रेंटिस पोस्ट पर चयनित कैंडिडेट्स को ट्रेनिंग के दौरान 6,150 रुपए और टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस पद पर चुने गए उम्मीदवारों को ट्रेनिंग के दौरान 5,450 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट इंजीनियरिंग पोस्ट के लिए सिविल/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स और पावर इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी/संचार इंजीनियरिंग/कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग/कंप्यूटर साइंस/कंप्यूटर इंजीनियरिंग/मैकेनिकल/इंडस्ट्रियल/ऑटोमोबाइल/प्रोडक्शन इंजीनियरिंग या संबंधित में बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस पोस्ट के लिए सिविल/इलेक्ट्रिकल/सूचना प्रौद्योगिकी/संचार इंजीनियरिंग/कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग/कंप्यूटर साइंस/कंप्यूटर इंजीनियरिंग/मैकेनिकल/इंडस्ट्रियल/ऑटोमोबाइल/प्रोडक्शन इंजीनियरिंग या संबंधित में डिप्लोमा होना चाहिए।

ग्रेजुएट अप्रेंटिस पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स का किसी भी जनरल स्ट्रीम में ग्रेजुएट होना जरूरी है और जनरल स्ट्रीम ग्रेजुएट पद के लिए बैचलर ऑफ आर्ट्स/बैचलर ऑफ साइंस/बैचलर ऑफ कॉमर्स/बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन/बैचलर ऑफ मैनेजमेंट साइंस/बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन/बैचलर ऑफ बिजनेस स्टडीज की डिग्री होनी चाहिए।

दस्तावेज सत्यापन पद के अनुसार 24 से 28 अगस्त के बीच ‘एक्जीक्यूटिव्स क्लब, कोंकण रेल विहार, सेक्टर-40, सीवुड्स रेलवे स्टेशन (पश्चिम) के सामने, नवी मुंबई-400706’ पते पर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच किया जाएगा। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन बीई सिविल इंजीनियरिंग, डिप्लोमा (सिविल) और बीई इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग पदों के लिए 24 अगस्त को; बीई इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल) और डिप्लोमा (इलेक्ट्रॉनिक्स) के लिए 25 अगस्त को; बीई मैकेनिकल इंजीनियरिंग और डिप्लोमा (मैकेनिकल) के लिए 27 अगस्त को; और जनरल स्ट्रीम ग्रेजुएट्स पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन 28 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से दस्तावेज सत्यापन के दिन केंद्र पर ले जाएं।