Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध लखीमपुर खीरी में सीओ की गाड़ी से टकराई बाइक, दो युवकों की...

लखीमपुर खीरी में सीओ की गाड़ी से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

0
5

लखीमपुर खीरी, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में शनिवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा सीओ मोहम्मदी की सरकारी गाड़ी और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदी के सीओ अरुण कुमार सिंह थाना दिवस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक अचानक उनकी गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि सीओ की गाड़ी का आगे का शीशा भी टूट गया। हादसे में गाड़ी चालक को भी चोटें आई हैं।

यह हादसा मोहम्मदी थाना क्षेत्र के कंधरापुर गांव के पास हुआ, जहां दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। टक्कर के समय बाइक पर दो युवक सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद सीओ अरुण कुमार सिंह ने दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों युवकों का इलाज शुरू किया, लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के चलते इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि टक्कर आमने-सामने हुई थी। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लोगों के बयान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के बाद ही मामले की सही जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है जो जांच कर पता लगाएगी कि हादसे में कोई गलती है।

वहीं हादसे के बाद इलाके में रोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोग सड़क पर बढ़ते हादसों को लेकर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।