लखनऊ, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने रविवार को कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। राहुल गांधी के सत्याग्रह लॉन्च करने से लेकर एसआईआर, ओवैसी के बयान और अखिलेश यादव की पोस्ट पर उन्होंने बात की।
राहुल गांधी द्वारा सत्याग्रह पोर्टल लॉन्च करने पर आराधना मिश्रा ने आईएएनएस से कहा, “महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ सत्याग्रह शुरू किया था। महात्मा गांधी ने पूरे देश को एक किया था। आज दूसरे ‘गांधी’ ने इस आंदोलन को शुरू किया है क्योंकि परिस्थितियां वहीं हैं। देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है।”
उन्होंने कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी के सत्याग्रह पोर्टल की लोकप्रियता बढ़ रही है, उन्हें पूरा विश्वास है कि इस लड़ाई में देश एकजुटता के साथ खड़ा होगा।
मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, “हम सबकी यही मांग है। एसआईआर के नाम पर बड़े पैमाने पर वोटों को काटा गया है। चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है। इस प्रक्रिया को तत्काल रोका जाना चाहिए। महाभियोग चलाया जाना चाहिए और ज्ञानेश कुमार में जरा भी नैतिकता है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।”
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाल ही में चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाते हुए चेतावनी दी थी कि गलत फॉर्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम सूची से कटवाए जा रहे हैं। इस पर आराधना मिश्रा ने कहा, “जब राहुल गांधी ने यह सवाल उठाया था तो वह उस वक्त क्यों चुप थे। अगर वे ऐसा मानते हैं तो क्यों नहीं ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हैं।”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया था कि मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंज़िल पर हो तो सफर आसान होता है। बात बड़ी ये नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किसके पास जा रही है, बात बड़ी ये है कि हम सबको ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो।
इस पर आराधना मिश्रा ने कहा, “कांग्रेस का हाथ सबके साथ। गठबंधन का धर्म हमने निभाया है और यह धर्म हम निभाएंगे। हमारा लक्ष्य है भाजपा की सरकार को राज्य में 2027 में हटाना और इंडिया ब्लॉक की सरकार को बनाना।”
सीट शेयरिंग और गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार कांग्रेस पर हमलावर है। इस पर उन्होंने कहा, “इंडिया ब्लॉक कोई राज्य स्तर पर गठबंधन नहीं था। यह राष्ट्रीय स्तर पर बना था। राष्ट्रीय नेताओं ने समर्थन दिया था।”
वहीं, एशियन गेम्स में भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर आराधना मिश्रा ने कहा, “इस ऐतिहासिक जीत के लिए प्रत्येक खिलाड़ी जिन्होंने एशियन गेम्स में भारत के तिरंगे का मान बढ़ाया है, उन सभी को मैं बधाई देती हूं। इसी तरह से वे देश का मान बढ़ाते रहें और खुद भी खूब आगे बढ़ते रहें।”
