SGSU Advertisement
Home Student & Youth लखनऊ : होमगार्ड भर्ती दौड़ में बड़ा हादसा, युवक की संदिग्ध मौत,...

लखनऊ : होमगार्ड भर्ती दौड़ में बड़ा हादसा, युवक की संदिग्ध मौत, महानगर थाने में केस दर्ज

0
4

लखनऊ, 22 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां होमगार्ड भर्ती परीक्षा दौड़ में हिस्सा लेने आए एक युवक की दौड़ के दौरान संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान योगेंद्र सिंह के रूप में हुई। घटना को लेकर महानगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करने के साथ आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

दरअसल, लखनऊ में महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की दौड़ के दौरान अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह (25) की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट में मौत की वजह दौड़ के दौरान प्लास्टिक की पानी की बोतल से गले में रुकावट बताई गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण “प्लास्टिक की बोतल से दम घुटना” दर्ज है। मामले को लेकर डीसीपी मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक, 15 सितंबर को दौड़ के बाद योगेंद्र की तबीयत बिगड़ गई थी, उन्हें तत्काल बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि योगेंद्र सिंह सीतापुर के रामपुर थाना क्षेत्र के मढ़िया रहीमपुर गांव के निवासी थे। पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई, जिसकी वीडियोग्राफी भी हुई। 19 सितंबर को मृतक के भाई कमल किशोर की तहरीर पर महानगर थाने में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटा रही है।

वहीं, मृतक के भाई ने सवाल उठाया कि यदि पानी पीते समय बोतल गले में गई, तो यह कैसे हुआ?

उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। उन्होंने इस मामले की जांच किसी उच्च स्तरीय एजेंसी से कराने की बात कही है।