Wednesday, June 17, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय लखनऊ में यूपी पुलिस के 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को दिया जाएगा नियुक्ति...

लखनऊ में यूपी पुलिस के 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को दिया जाएगा नियुक्ति पत्र: सीएम योगी

0
3

लखनऊ, 17 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए सीधी भर्ती-2023 का अंतिम परिणाम घोषित किए जाने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को बुधवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 930 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के पदों पर नियुक्त किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर इस संबंध में जानकारी शेयर करते हुए कहा, “युवाओं के सपनों को नई उड़ान, उनकी योग्यता को अवसर और परिश्रम को सम्मान देने वाली पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया डबल इंजन सरकार की पहचान है। आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। तकनीक और दक्षता से सशक्त ये युवा उत्तर प्रदेश पुलिस को और अधिक आधुनिक, प्रभावी तथा जनोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”

भर्ती बोर्ड द्वारा जारी अंतिम परिणाम के अनुसार, चयनित 930 अभ्यर्थियों में अनारक्षित श्रेणी के 381, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 91, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 249, अनुसूचित जाति (एससी) के 193 तथा अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 16 अभ्यर्थी शामिल हैं।

कटऑफ अंकों की बात करें तो अनारक्षित श्रेणी की कटऑफ सबसे अधिक 139.62 अंक रही। इसके बाद ओबीसी श्रेणी की कटऑफ 132.07 अंक दर्ज की गई। ईडब्ल्यूएस श्रेणी की कटऑफ तीसरे स्थान पर रही। वहीं एसटी श्रेणी में लंबवत आरक्षण कटऑफ से अधिक महिला श्रेणी की कटऑफ दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 930 रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती का विज्ञापन 29 दिसंबर 2023 को जारी किया गया था। इसके तहत ऑफलाइन लिखित परीक्षा 1 नवंबर 2025 को प्रदेश के 10 जनपदों में आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को कंप्यूटर टाइपिंग टेस्ट के लिए बुलाया गया, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई।

सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। अब चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस के तकनीकी ढांचे को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।