Monday, June 1, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध लखनऊ में चेन स्नेचिंग और छेड़खानी के आरोपियों को लगी गोली, तीन...

लखनऊ में चेन स्नेचिंग और छेड़खानी के आरोपियों को लगी गोली, तीन बदमाश गिरफ्तार

0
4

लखनऊ, 31 मई (आईएएनएस)। लखनऊ के कृष्णानगर और विकासनगर थाना क्षेत्रों में पुलिस और बदमाशों के बीच दो अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। इन दोनों घटनाओं में तीन आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए हैं।

पहली मुठभेड़ कृष्णानगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां दिल्ली के दो शातिर चेन स्नेचरों को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, शनिवार की रात करीब एक बजे मानसनगर रोड स्थित आसाराम बापू आश्रम के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस पर दोबारा गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों के पैरों में लगी। एक आरोपी के दाहिने पैर और दूसरे के बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी 23 वर्षीय रोहन उर्फ गुड्डू और 21 वर्षीय साहिल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कृष्णानगर क्षेत्र में हुई कई लूट और चेन-स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई ज्वैलरी, नकदी, अवैध तमंचे तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने 28 मई को कुंदन विहार निवासी रामबाबू चौरसिया का बैग छीना था। इसके अलावा, कुछ दिन पहले वर्षा रानी नामक महिला से चेन स्नेचिंग की घटना को भी अंजाम दिया था। इन घटनाओं के खुलासे के लिए डीसीपी दक्षिणी द्वारा चार विशेष टीमें गठित की गई थीं।

जांच में यह भी सामने आया है कि रोहन के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, साहिल के खिलाफ उन्नाव और गौतमबुद्धनगर में चोरी तथा आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

दूसरी मुठभेड़ विकासनगर क्षेत्र में हुई, जहां युवती से छेड़खानी के आरोपी सनी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया। हुसैनगंज थाना क्षेत्र की केकेवी कॉलोनी, महावीर पुरी निवासी सनी यादव के खिलाफ हाल ही में छेड़खानी का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।