SGSU Advertisement
Home अपराध मध्य प्रदेश : ग्वालियर में बस ड्राइवर पर जानलेवा हमला, 3 आरोपी...

मध्य प्रदेश : ग्वालियर में बस ड्राइवर पर जानलेवा हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार

0
4

ग्वालियर, 13 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के पिछोर इलाके में रविवार सुबह बस ड्राइवर खेमसिंह यादव पर कुछ अज्ञात लोगों ने गोली चलाई। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने आईएएनएस से कहा, “गुरुवार सुबह पिछोर इलाके में बस ड्राइवर खेमसिंह यादव के साथ घटना हुई। जब वह बस चला रहा था, तो कुछ अज्ञात लोगों ने अपनी कार बस के सामने लगा दी और कहा कि बस का डीजल-पेट्रोल खत्म हो गया है और उसे धक्का लगाना है। इसी बहाने ड्राइवर को नीचे बुलाया गया और जब वह वाहन को धक्का देने के लिए नीचे आया, तो उन्होंने उस पर गोली चला दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।”

यह एक चुनौतीपूर्ण मामला था। एडिशनल एसपी जयराज कुबेर, सीएसपी नागेंद्र सिकरवार और एसडीओपी सौरभ के नेतृत्व में आधा दर्जन से ज्यादा थानों के प्रभारियों को तैनात किया गया। पुलिस ने 12 घंटे से भी कम समय में तीन आरोपियों (अभिषेक यादव, अर्जुन उर्फ भीमा और शिवम यादव) को गिरफ्तार कर लिया। अपराध में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है।

एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश के कारण किया गया था। ड्राइवर के एक मित्र का 2022 में एक्सीडेंट हुआ था और उसकी मौत हो गई थी। उसके मित्र के भाइयों को शक था कि उस घटना में कहीं न कहीं ड्राइवर की भूमिका है। इसी रंजिश के कारण उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से प्लानिंग की।

आरोपियों को पता था कि ड्राइवर एक निश्चित समय पर बस लेकर आता है। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने बहानेबाजी करके उसे बस से नीचे बुलाया और हमला कर दिया।

एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि तीनों अपराधियों की आपराधिक पृष्ठभूमि है। उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। लेकिन पुलिस ने बहुत कम समय में इस चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड केस को सुलझा लिया है। इसमें सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर तंत्र के जरिए अपराधियों की पहचान की गई।