Friday, June 19, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध जबलपुर में आठवीं कक्षा में फेल होने पर छात्र ने दी जान

जबलपुर में आठवीं कक्षा में फेल होने पर छात्र ने दी जान

0
27

जबलपुर, 28 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के दराची टोला में आठवीं कक्षा में फेल होने से आहत एक 13 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र मैहर जिले के झुकेही गांव का रहने वाला था और इन दिनों अपने मामा के घर रह रहा था। परीक्षा परिणाम आने के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान था और इसी तनाव में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

वहीं, दूसरी घटना कटंगी थाना क्षेत्र के मुर्रई गांव के पास की है, जहां एक फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि एजेंट लगभग 30 हजार रुपए की रकम लेकर जा रहा था, तभी बाइक सवार 4-5 बदमाशों ने उसका पीछा कर उसे रास्ते में रोक लिया और पैसे लूटकर फरार हो गए।

हालांकि भागने के दौरान एक आरोपी की बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, जिससे वह ज्यादा दूर नहीं जा सका। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इसके अलावा एक अन्‍य घटना में पहचान छिपाकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अब्दुल फराज खान ने ‘राहुल’ नाम से युवती से दोस्ती की और शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक उसका शोषण किया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे जबलपुर सहित अन्य शहरों में भी ले गया और वहां भी दुष्कर्म किया।