Wednesday, June 3, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय महाराष्ट्र: महिला एथलीटों को बढ़ावा देने की पहल, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने...

महाराष्ट्र: महिला एथलीटों को बढ़ावा देने की पहल, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने दिए नए निर्देश

0
7

मुंबई, 3 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार की अध्यक्षता में ‘सह्याद्री गेस्ट हाउस’ में बुधवार को बैठक हुई, जिसमें उपमुख्यमंत्री ने राज्य के हर खेल के मैदान पर शौचालय, चेंजिंग रूम, लाइटिंग और सीसीटीवी की सुविधाएं अनिवार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की महिला एथलीट विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्हें एक सुरक्षित, अधिक सम्मानजनक और उत्साहवर्धक माहौल, राज्य में खेल के मैदानों के विकास के लिए एक राज्य-स्तरीय एकीकृत नीति तैयार की जानी चाहिए। साथ ही उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने ये निर्देश दिए कि हर खेल के मैदान पर सुरक्षा के लिए आदर्श शौचालय, पर्याप्त लाइटिंग, अलग चेंजिंग रूम और सीसीटीवी सिस्टम लगाए जाने चाहिए।

इस अवसर पर शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल, विधायक मिलिंद नार्वेकर, विधायक चित्रा वाघ, सामान्य प्रशासन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव वी राधा, खेल विभाग के प्रधान सचिव रणजीत सिंह देओल, उपमुख्यमंत्री के सचिव डॉ राजेश देशमुख, कोंकण संभाग की आयुक्त रूबल अग्रवाल (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), खेल और युवा सेवा विभाग के आयुक्त दीपक सिंगला, बृहन्मुंबई नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त अविनाश ढाकने और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

राज्य में महिला एथलीटों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं। महिलाओं को एक सुरक्षित और सक्षम माहौल प्रदान करने के लिए आवश्यक सुविधाएं और प्रावधान किए जा रहे हैं। सुनेत्रा पवार ने यह भी कहा कि खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सक्षम बुनियादी ढांचा, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रणाली, वित्तीय सहायता, पोषण, कोचों का मार्गदर्शन, सुरक्षित माहौल और सामाजिक स्वीकृति अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

महाराष्ट्र सरकार ने खेल क्षेत्र में व्यापक सुधार करने का निर्णय लिया है और नई खेल नीति के माध्यम से ‘खिलाड़ी-केंद्रित’ दृष्टिकोण अपनाया है। ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अवसर प्रदान करने के लिए विभिन्न पहलें लागू की जा रही हैं। यदि महिला खिलाड़ियों को खेल के मैदानों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं तो उनकी भागीदारी और प्रदर्शन में और अधिक सुधार होगा।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने यह भी निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग राज्य के सभी खेल के मैदानों पर महिला खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु आपसी तालमेल से कार्य करें, तथा इस संबंध में एक कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

बैठक में राज्य के खेल के मैदानों पर महिला खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की वर्तमान स्थिति के साथ उनमें आवश्यक सुधारों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।