महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक और डीसीपी नियुक्त

0
1

मुंबई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और पुलिस उप आयुक्तों (डीसीपी) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जगहों पर तैनात किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार तुषार दोशी, जो अब तक सातारा के पुलिस अधीक्षक थे, उन्हें स्थानांतरित कर सांगली का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं निखिल पिंगळे, जो पुणे में पुलिस उप आयुक्त के पद पर कार्यरत थे, उन्हें सातारा जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

संदीप घुगे को सांगली के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर मुंबई स्थित राज्य गुप्तवार्ता विभाग में पुलिस उप आयुक्त (सुरक्षा) के रूप में तैनात किया गया है। इसी तरह योगेश गुप्ता, जो कोल्हापुर के पुलिस अधीक्षक थे, उन्हें पदोन्नत कर गडचिरोली परिक्षेत्र का पुलिस उप महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।

निलोत्पल को गडचिरोली के पुलिस अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर कोल्हापुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। एम. रमेश, जो पहले गडचिरोली में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत थे, उन्हें पदोन्नति देकर गडचिरोली का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

महेश्वर रेड्डी को जळगांव के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर राज्य अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी), पुणे में स्थानांतरित किया गया है। वहीं श्रीकांत दिवरे को धुले से जळगांव का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा राजकुमार शिंदे, जो पुणे में पुलिस उप आयुक्त थे, उन्हें वाशिम जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन तबादलों के बाद संबंधित जिलों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।