पटना, 23 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने महिला सुरक्षा को लेकर बुधवार को बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं करेगी, जो समाज में अव्यवस्था फैलाते हैं। खासतौर पर महिला सुरक्षा पर किसी तरह की आंच न आए, यह राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है।
रामकृपाल यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि महिला के साथ जो भी दुर्व्यवहार करेगा, वह बचेगा नहीं। अभी तो हाफ एनकाउंटर हुआ है, भविष्य में इससे भी कठोर एक्शन लिए जाएंगे। इसलिए समाज में जो ऐसे लोग हैं, वे अपने आप को नियंत्रित रखें, खासकर मनचले लोग। सरकार पूरे बिहार में ऐसे लोगों को किसी भी स्तर पर नहीं बख्शेगी। कानून का राज स्थापित करने का दायित्व हम सभी पर है।
बिहार सरकार के मंत्री ने आईएएनएस से कहा कि जो पुलिस को ललकारेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। कहीं से भी कोई आपराधिक घटना बर्दाश्त नहीं की गई है और न ही की जाएगी।
बता दें कि मंगलवार को बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद काफी हंगामा मचा था। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के साथ मुठभेड़ में घटना का मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हो गया। मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके में 19 सितंबर की शाम एक नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त को कुछ युवकों ने रोक लिया था। इस दौरान छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की गई जबकि उसके साथ मौजूद युवक के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की। पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे कई लोगों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी कार्रवाई शुरू की है।
