नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का शानदार प्रदर्शन जारी है। लगातार तीसरी जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ग्रुप ए में अब पहले स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, स्कॉटलैंड को हराने के साथ ही इंग्लैंड ग्रुप बी में टॉप पर पहुंच गया है।
ऑस्ट्रेलिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड्स के खिलाफ टूर्नामेंट में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के 3 मुकाबलों में 6 प्वाइंट्स हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड्स को एकतरफा मुकाबले में 98 रनों से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 6 विकेट खोकर 219 रन लगाए, जिसके जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 3 विकेट गंवाकर 121 रन ही बना सकी।
अंक तालिका में ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे नंबर पर भारतीय टीम मौजूद है, जिनके 2 मुकाबलों में कुल 4 प्वाइंट्स हैं। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद बांग्लादेश 3 मुकाबलों में 4 प्वाइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर आ गया है। साउथ अफ्रीका टीम के अभी 2 प्वाइंट्स हैं और वह चौथे नंबर पर काबिज है। वहीं, लगातार तीसरी हार का सामना करने के बाद पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।
ग्रुप बी में इंग्लैंड पहले स्थान पर पहुंच गया है। इंग्लिश टीम ने स्कॉटलैंड को 38 रनों से हराने के साथ ही पहली पोजीशन पर कब्जा जमाया। इंग्लैंड के अब 3 मुकाबलों में 6 प्वाइंट्स हो गए हैं। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 200 रन लगाए। इसके जवाब में स्कॉटलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में 162 रन ही बना सकी।
ग्रुप बी में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज मौजूद है। कैरेबियाई टीम ने अब तक खेले दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज की है और टीम के कुल 4 प्वाइंट्स हैं। डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड 3 मुकाबलों में सिर्फ एक जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे नंबर पर काबिज है। न्यूजीलैंड के अभी 2 प्वाइंट्स हैं। स्कॉटलैंड 2 प्वाइंट्स के साथ चौथे नंबर पर है, तो श्रीलंका पांचवें और आयरलैंड छठे नंबर पर मौजूद है।

