Saturday, August 8, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन मैं उन्हीं किरदारों को करना पसंद करती हूं, जिनसे मैं जुड़ाव महसूस...

मैं उन्हीं किरदारों को करना पसंद करती हूं, जिनसे मैं जुड़ाव महसूस करती हूं : वेदिका पिंटो

0
5

मुंबई, 8 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री वेदिका पिंटो इन दिनों अपनी हालिया रिलीज सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ को लेकर सुर्खियों में बनी हुई है। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि वे भविष्य में हर तरह के रोल करना पसंद करेंगी।

अभिनेत्री का मानना है कि सुरक्षित विकल्प जैसी कोई चीज नहीं होती है, क्योंकि किसी को नहीं पता कि कौन-सी फिल्म, सीरीज या किरदार दर्शकों के मन को भा जाए। उन्होंने कहा, “सच कहूं, तो मैं हर तरह के रोल करना पसंद करूंगी, क्योंकि मेरा मानना है कि ‘सुरक्षित विकल्प’ जैसी कोई चीज नहीं होती क्योंकि एक्टर, प्रोड्यूसर और यहां तक कि प्लेटफॉर्म भी इसका अंदाजा नहीं लगा सकते कि जनता को कौन सा प्रोजेक्ट पसंद आ जाए। इसलिए मैं बस खुद को चुनौती देना चाहती हूं, खुद को हैरान करना चाहती हूं और काम करते रहना चाहती हूं।”

अभिनेत्री ने आगे अपने द्वारा निभाए किरदारों को जिक्र करते हुए कहा, “अगर आप ‘मुसाफिर कैफे’ में मेरा सुधा का किरदार देखें और ‘निशांची’ में रिंकू का, तो दोनों ही किरदार कई परतों वाले, जटिल और कमियों वाले हैं। मैं रोल यह सोचकर नहीं चुनती कि वे मेरी इमेज कैसे बदलेंगे। मैं उन्हें इसलिए चुनती हूं क्योंकि मैं उनसे जुड़ाव महसूस करती हूं।”

आईएएनएस ने सवाल पूछा, “इंडस्ट्री में कॉम्पिटिशन बहुत बढ़ गया है। आप अपनी अलग पहचान बनाए रखते हुए उस दबाव को कैसे संभालती हैं? साथ ही, आप उस वेदिका को क्या सलाह देंगी जो अभी शुरुआत कर रही थी?”

अभिनेत्री ने कहा, “मेरा मानना ​​है कि असली कॉम्पिटिशन खुद से ही होता है। हर एक्टर का सफर अलग होता है, इसलिए मैं कभी खुद की तुलना दूसरों से नहीं करती। अगर मैं अपने पुराने रूप से कुछ कह पाती, तो बस यही कहती, ‘आगे बढ़ती रहो’ मैं आगे बढ़ती रही, और इसीलिए आज मैं यहां बैठी हूं।”

लोकप्रिय रोमांटिक ड्रामा वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ दिव्य प्रकाश दुबे के प्रसिद्ध उपन्यास पर आधारित है और इसका निर्देशन रोचर अरुण ने किया है। इसमें विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।