Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ममता बनर्जी पर भाजपा का हमला, ‘मुख्यमंत्री टेंशन में, इसलिए करती हैं...

ममता बनर्जी पर भाजपा का हमला, ‘मुख्यमंत्री टेंशन में, इसलिए करती हैं गलत बयानबाजी’

0
20

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। आईपैक छापेमारी मामले में दखलअंदाजी को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि ममता बनर्जी टेंशन में हैं और इसलिए गलत बयानबाजी करती हैं।

पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता दिलीप घोष ने गुरुवार को मिदनापुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “टीएमसी हमसे (भाजपा) से लड़ नहीं पाती है, इसलिए बार-बार चुनाव आयोग जाती है। यही लोग चुनाव आयोग को गाली देते हैं, काला झंडा दिखाते हैं और अब दिलीप घोष से लड़ने के लिए टीएमसी के आयोग के पैरों में पड़ते हैं। अगर उनमें हिम्मत है तो वे सामने आएं।”

आईपैक मामले में दिलीप घोष ने कहा कि मामला अदालत में चल रहा है। वहां उसे चलने दीजिए। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गलत बयानबाजी कर रही हैं, क्योंकि वे टेंशन में हैं। उन्होंने आगे कहा, “बंगाल की जनता ने टीएमसी का शासन देख लिया है। वे भाजपा को चुनेंगे। जिस तरह कांग्रेस और माकपा का हाल हुआ, टीएमसी का उससे भी बुरा हाल होगा। इस चुनाव से पश्चिम बंगाल में परिवर्तन होने जा रहा है।”

इसी बीच, बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने ममता बनर्जी को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह देश में पहली घटना होगी, जब ईडी ने किसी गंभीर मामले में छापा मारा और उस स्थल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गईं और अपने साथ फाइल समेटकर ला रही थी, पूरे देश ने देखा। उन्होंने जिस तरह के बयान दिए, वे किसी मुख्यमंत्री का अच्छा आचरण नहीं था।”

संजय सरावगी ने आगे कहा, “उन्होंने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अपमान किया। बंगाल में संवैधानिक संस्थाओं के प्रमुखों के खिलाफ मुख्यमंत्री का आचरण अमर्यादित है। ईडी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी टिप्पणी की है, जो बिल्कुल सही है। ईडी संवैधानिक संस्था है और वह अपनी कार्रवाई कर रही थी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वहां खुद अधिकारियों के साथ पहुंची और फाइलें लेकर आईं। यह बिल्कुल गलत था।”

वहीं, बिहार सरकार में मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा, “बंगाल में टीएमसी की कथित गुंडागर्दी की समीक्षा करते हुए, स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं कि वहां ‘जंगल राज’ जैसी स्थिति बनी हुई है। यह कहा जा रहा है कि ऐसी अराजकता कानून और संविधान से ऊपर उठती जा रही है।