SGSU Advertisement
Home अपराध मंडावली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अक्षरधाम के पास दो वाहन चोर गिरफ्तार,...

मंडावली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अक्षरधाम के पास दो वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद

0
4

नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्वी जिले की मंडावली थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिससे तीन अलग-अलग थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जिला) राजीव कुमार ने बताया कि मंडावली थाने की टीम खेल गांव रोड, अक्षरधाम के पास गश्त और एहतियाती चेकिंग कर रही थी। टीम में हेड कांस्टेबल दीपक, कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल फिरोज शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसीपी मयूर विहार की देखरेख और एसएचओ मंडावली के नेतृत्व में की गई।

22 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान पुलिस ने दो युवकों को संदिग्ध तरीके से दोपहिया वाहन चलाते देखा। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि उनके पास मौजूद गाड़ी मंडावली इलाके से ही चोरी हुई थी और इस संबंध में ई-एफआईआर दर्ज है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन (20 वर्ष) और अमान (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सीलमपुर के चौहान बांगर इलाके के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी में अपनी भूमिका कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो और चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद कीं।

बरामदगी में पहली गाड़ी डीएल7एससीबी सीरीज की है, जो मंडावली थाने के मामले से जुड़ी है। दूसरी डीएल9एससीयू सीरीज की है, जो उत्तम नगर थाने में दर्ज एफआईआर से संबंधित है। तीसरी डीएल7एसबीटी सीरीज की है, जो कमला मार्केट थाने के मामले में चोरी हुई थी। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी अमन पहले भी स्नैचिंग और लूट के तीन मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस के अनुसार, मोटर वाहन चोरी और सड़क पर होने वाले अपराधों पर रोक लगाने के लिए इलाके में सघन गश्त, निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाने का काम लगातार जारी है। मंडावली पुलिस की इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई को पूर्वी जिले में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।