Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मानसिक संतुलन खो चुके हैं तेजस्वी यादव : प्रमोद कुमार चंद्रवंशी

मानसिक संतुलन खो चुके हैं तेजस्वी यादव : प्रमोद कुमार चंद्रवंशी

0
1

पटना, 9 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार के खनन एवं भू-तत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ‘सस्ता मंत्री’ कहे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने आईएएनएस से कहा कि तेजस्वी यादव अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और उन्हें पहले अपनी पार्टी को संभालने की चिंता करनी चाहिए।

बिहार सरकार के मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव को अपने राजनीतिक भविष्य और पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव की पार्टी के लोग कानून व्यवस्था का सम्मान नहीं करते और जिस तरह का व्यवहार शीर्ष नेतृत्व करता है, उसी का अनुसरण कार्यकर्ता भी करते हैं।

उन्होंने कहा कि अगर पार्टी के नेता पुलिस के साथ टकराव का रास्ता अपनाएंगे तो कार्यकर्ता भी गांव-गांव में उसी तरह का व्यवहार करेंगे। प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि पुलिस और गरीब लोगों पर हमला करना उनकी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन गया है और यही कारण है कि उनकी राजनीतिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।

वहीं, पश्चिम बंगाल की राजनीति और तृणमूल कांग्रेस में असंतोष को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कई नेता और सांसद पार्टी से दूरी बना रहे हैं, जो विपक्षी दलों की आंतरिक स्थिति को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रिकॉर्ड पर प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि आज पूरी दुनिया पीएम को आस्था और विश्वास की नजर से देखती है।

प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि जब दुनिया पर्यावरण असंतुलन, आर्थिक चुनौतियों या अन्य वैश्विक समस्याओं का सामना करती है, तब लोगों की नजर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जाती है। पीएम मोदी ने भारत की छवि को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है और देश को नई दिशा दी है।

उन्होंने ग्रामीण भारत में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। बिहार सरकार के मंत्री ने कहा कि एक समय था जब गांवों की महिलाएं जंगलों से जलावन के लिए लकड़ियां इकट्ठा करती थीं, लेकिन आज उज्ज्वला योजना के कारण गांव धुएं से मुक्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब गांवों में बिजली, सड़क, पेयजल और बुनियादी ढांचे की सुविधाएं तेजी से पहुंची हैं।

प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि आज गांवों के लोग पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और बेहतर जीवन जी रहे हैं। उन्होंने इन बदलावों का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं को दिया।