Tuesday, June 16, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मोदी सरकार के 12 साल : भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने...

मोदी सरकार के 12 साल : भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने गिनाईं उपलब्धियां, विपक्ष पर साधा निशाना

0
3

रेवाड़ी, 16 जून (आईएएनएस)। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मंगलवार को रेवाड़ी में एक प्रदर्शनी में केंद्र की मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियों को गिनाया और विकास तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर विपक्ष के रुख की आलोचना की।

लक्ष्मण सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियों पर जिला सचिवालय में प्रशासन ने प्रदर्शनी लगाई है। लोग लाभ भी ले रहे हैं और जानकारी प्राप्‍त कर रहे हैं। बतौर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता में 12 साल पूरे हो चुके हैं। उन्‍होंने इस कार्यकाल में देश के प्रहरी के रूप में काम किया है।

उन्‍होंने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि इस दौरान प्रधानमंत्री ने गरीब कल्‍याण के लिए कई बड़े काम किए हैं। मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने का काम किया है। सीमाओं पर आज सड़कें बन चुकी हैं, कश्‍मीर तक रेल लाइन बिछी हैं। ऐसा कोई जिला नहीं है, जो राष्‍ट्रीय राजमार्ग से न जुड़ा हो। हरियाणा का रेवाड़ी जिला हर तरफ से हाईवे से जुड़ा है। 60 करोड़ लोगों को आयुष्‍मान योजना की सुविधा दी गई।

भाजपा नेता ने कहा कि 2014 से पहले हम 11वें आर्थिक पायदान पर थे और अब हम दुनिया की चौथी अर्थव्‍यवस्‍था बन चुके हैं। कांग्रेस के शासन में सरकार एक रुपए भेजती थी तो धरातल पर पहुंचने तक वह 15 पैसे हो जाता था। लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्‍व में योजनाओं का पैसा डीबीटी के माध्‍यम से लाभार्थी के बैंक खातों में सीधे पहुंच रहा है।

इस दौरान उन्‍होंने विपक्षी दलों की भाजपा के विरोध करने की तीखी आलोचना की। उन्‍होंने कहा कि मोदी सरकार की उपलब्धियां विपक्ष को हजम नहीं होती हैं। विपक्ष ने भारतीय सेना हो या संवैधानिक संस्‍था चुनाव आयोग, सब पर सवाल उठाए हैं। इन 12 सालों के दौरान ऐसी कौन सी चीज है, जिसको विपक्ष ने पसंद किया हो।