एवियन, 16 जून (आईएएनएस)। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि 2026 में हालात यूक्रेन के पक्ष में बदलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने यूक्रेन के लिए यूरोपीय संघ के 90 बिलियन यूरो के ऋण की पहली किस्त जारी करने का ऐलान किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा, ”यूक्रेन के पक्ष में हालात बदलते नजर आ रहे हैं। 2026 की स्थिति 2025 से काफी अलग है। यूक्रेन बहादुरी के साथ मोर्चे पर डटा हुआ है। वहीं, रूस की थकान अब साफ तौर पर दिखाई देने लगी है।”
प्रेसिडेंट उर्सुला ने कहा कि ऐसे समय में हमें यूक्रेन के लिए अपना समर्थन और मजबूत करना चाहिए। यूरोपीय संघ के 90 बिलियन यूरो के ऋण की पहली किस्त जारी की जा रही है।
साथ ही, साल के आखिर में यूक्रेन की मदद के लिए एक विशेष शीतकालीन सहायता पैकेज भी दिया जाएगा। जी-7 के सभी देश एक मजबूत, स्वतंत्र और संप्रभु यूक्रेन के समर्थन में एकजुट हैं।
फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर जोर दिया और जी-7 नेताओं के समर्थन और शांति के लिए दिए गए सुझावों को सराहा।
जेलेंस्की ने कहा कि हमारी प्राथमिकताएं बिल्कुल स्पष्ट हैं, जैसे वायु रक्षा मिसाइलों की संख्या बढ़ाना और उनके उत्पादन के लिए लाइसेंस उपलब्ध कराना, सर्दियों के लिए सहायता पैकेज तैयार करना और रूस पर दबाव को और मजबूत करना। यह महत्वपूर्ण है कि अमेरिका इन सभी क्षेत्रों में सहयोग और समर्थन देने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी बात यह है कि जिन मुद्दों पर चर्चा हुई है, उन्हें वास्तव में लागू किया जाए। रूस को यह समझना होगा कि उसका यह युद्ध कभी भी सामान्य स्थिति नहीं बन सकता। मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं, जो इस प्रयास में मदद कर रहे हैं।
जी-7 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी रूस पर युद्ध समाप्त करके समझौता करने का दबाव बनाया। ट्रंप ने कहा कि वहां जो हो रहा है, वह पागलपन है। रूस को समझौता कर लेना चाहिए।

