SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय एमपी: भालू के हमले में 73 वर्षीय वृद्ध की मौत, इलाके में...

एमपी: भालू के हमले में 73 वर्षीय वृद्ध की मौत, इलाके में शोक

0
2

भोपाल, 5 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से शनिवार को एक दुखद खबर सामने आई है। दरअसल, केशवाही वन परिक्षेत्र में भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 73 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।

घटना के बाद वन विभाग ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही विभागीय आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी के साथ वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, शहडोल जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुण्डाली गांव के कुछ चरवाहे शुक्रवार को अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान जंगल में विचरण कर रहे भालू के सामने वृद्ध चरवाहा चक्रधारी साहू आ गए। भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल चक्रधारी साहू को वन विभाग ने उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामले को लेकर दक्षिण वन मंडल शहडोल के एसडीओ सोहागपुर संतोष शुक्ला ने बताया कि चक्रधारी साहू की उम्र 73 वर्ष थी और भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

एसडीओ के अनुसार, वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया। घटना को लेकर वन विभाग द्वारा आवश्यक विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।