Wednesday, June 17, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मुहर्रम को लेकर सीएम योगी के निर्देशों का जगदंबिका पाल ने किया...

मुहर्रम को लेकर सीएम योगी के निर्देशों का जगदंबिका पाल ने किया समर्थन

0
4

दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मुहर्रम की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘मुहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं।’ इस मुद्दे पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने मुख्यमंत्री के निर्देशों का समर्थन करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने धार्मिक त्योहार मनाने का पूरा अधिकार है, लेकिन प्रत्येक पर्व की अपनी मर्यादा, परंपरा और उद्देश्य होता है।

मीडिया से बातचीत के दौरान जगदंबिका पाल ने कहा कि मुहर्रम शोक और मातम का पर्व है। इसलिए इसे उसी भावना और परंपरा के अनुरूप मनाया जाना चाहिए, जिस रूप में इसकी धार्मिक मान्यता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी त्योहार का कोई विशेष महत्व और स्वरूप है, तो उसका पालन उसी तरीके से होना चाहिए।

भाजपा सांसद ने कहा कि किसी भी त्योहार के आयोजन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि समाज में सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे और किसी भी समुदाय या व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य लोगों को जोड़ना और भाईचारे को मजबूत करना होना चाहिए, न कि ऐसा माहौल बनाना जिससे दूसरों पर नकारात्मक प्रभाव पड़े।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहारों, नीट परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मुहर्रम के अवसर पर किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन की अनुमति न दी जाए। साथ ही नई परंपराओं की शुरुआत, कानफोड़ू डीजे और ढोल-ताशों के अनियंत्रित उपयोग पर भी रोक लगाने को कहा गया था।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया था कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए और पूरे प्रदेश में शांति, सुरक्षा तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।