Sunday, July 5, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मुंबई एयरपोर्ट से डीआरआई ने जब्त किए नशीले पदार्थ, दो आरोपी गिरफ्तार

मुंबई एयरपोर्ट से डीआरआई ने जब्त किए नशीले पदार्थ, दो आरोपी गिरफ्तार

0
18

मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने शनिवार को नशीले पदार्थों की तस्करी को नाकाम करते हुए मुंबई एयरपोर्ट से 13.295 करोड़ रुपए की 2.659 किलोग्राम कोकीन जब्त की। इस मामले में एनडीपीए के तहत दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, डीआरआई ने अदीस अबाबा से आ रही एक महिला यात्री से 1.575 किलोग्राम लिक्विड कोकीन जब्त की, जिसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 7.875 करोड़ है। सामान की जांच के दौरान लिक्विड कोकीन वाले 8 पाउच बरामद किए गए।

इतना ही नहीं, मुंबई एयरपोर्ट पर एक अन्य कार्रवाई में एक ऐसे अफ्रीकी नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पेट से कोकिन वाले कैप्सूल पाए गए। पुलिस ने उसके पेट से 70 कैप्सूल बरामद किए। इस कोकिन का वजन 1.084 किलोग्राम था। इसकी बाजार में कीमत 5 करोड़ 42 लाख रुपए बताई जा रही है। अब इस मामले में पुलिस की ओर से कई अन्य बिंदुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस ने इन नशीले पदार्थों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अभी उनसे पूछताछ कर अन्य जानकारियां जुटाने का प्रयास कर रही है।

डीआरआई नशा मुक्त भारत अभियान के तहत काम कर रही है। इस दिशा में उस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कोशिश की जा रही है, जो मौजूदा समय में नशीले पदार्थों की तस्करी को फलीभूत करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। डीआरआई इस नेटवर्क में संलिप्त सभी लोगों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ करने में जुटी हुई है, ताकि उनसे पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

डीआरआई राज्य की सीमाओं से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश कर रही है, जो नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने की दिशा में जुटे हुए हैं।