नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जितेंद्र गोगी गैंग के शूटर सोनू (24) उर्फ सचिन चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल के साथ 5 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।
यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर विनय पाल और इंस्पेक्टर मनोज कुमार के देखरेख में की गई है। आरोपी आर्म्स एक्ट के तहत एक मामले में वांछित था। आरोपी ने तीन साथियों के साथ मिलकर दिल्ली की जगदंबा कॉलोनी में एक वकील को जान से मारने का प्रयास किया था। न्यायालय ने उस इस मामले में घोषित व्यक्ति भी करार दिया था। आर्म्स एक्ट से पहले भी आरोपी के खिलाफ कई तरह के मामले दर्ज किए जा चुके थे।
आरोपी मूल रूप से हरियाणा के कैथल जिले का रहने वाला है। वह सिर्फ 10वींं तक ही पढ़ा था। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़कर काम करना शुरू कर दिया था। उसने सिक्योरिटी गार्ड और आटा चक्की ऑपरेटर के रूप में भी काम किया है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर उसकी अमेरिका में बैठे संदीप दहिया से बातचीत शुरू हुई थी। इसके बाद संदीप दहिया ने उसे गोगी गैंग में शामिल कराया। इसके बाद सोनू ने गोगी गैंग के लिए काम करना शुरू कर दिया। इसके बाद संदीप ने ही सोनू की मुलाकात आकाश पंचाल से कराई थी। आकाश पंचाल करावर नगर गोलीबारी मामले में सह-आरोपी है, जिसे पुलिस अब गिरफ्तार कर चुकी है।
2022 में पानीपत के मॉडल टाउन डकैती मामले में आरोपी जब फरार चल रहा था, तब आकाश ने ही उसे अपने यहां जगह दी थी।

