Saturday, July 4, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मुजफ्फरपुर: मंदिर में पूजा करने गए व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, आपसी...

मुजफ्फरपुर: मंदिर में पूजा करने गए व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, आपसी रंजिश के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

0
5

मुजफ्फरपुर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार सुबह मंदिर में पूजा करने गए एक किराना दुकानदार की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक स्थित मंदिर के पास की है। मृतक की पहचान श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद के रूप में हुई है। वह किराना दुकान चलाने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे। बताया गया है कि वह रोज की तरह शनिवार सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने बेहद करीब से फायरिंग की, जिससे श्याम कुमार कुशवाहा गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं।

परिजनों का दावा है कि श्याम कुमार कुशवाहा को दो गोलियां लगी थीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाने में लगी है।

–आईएएनएस/डीकेपी

एमएनपी/डीकेपी