भारत के लिए रवाना हुए ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची, ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में होंगे शाम‍िल

0
6

नई दिल्‍ली, 13 मई (आईएएनएस)। ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची गुरुवार को नई दिल्ली के ल‍िए रवाना हुए। इस दौरे के दौरान वे कई देशों के अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।

ईरान इस्लामिक रिपब्लिक की सरकार के ऑफिशियल ‘एक्‍स’ अकाउंट से साझा की गई जानकारी के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्‍बास अराघची ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए नई दिल्ली रवाना हो गए हैं। इस यात्रा के दौरान वे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले, जिसकी मेजबानी इस साल के अंत में भारत करने वाला है, इसमें शामिल होने वाले अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

ईरान को उम्‍मीद है क‍ि इस यात्रा के दौरान वे भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अन्य समकक्षों से मिलकर क्षेत्रीय स्थिरता, बहुपक्षीय सहयोग और आर्थिक लचीलेपन पर चर्चा करेंगे।

ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की इस बैठक में शाम‍िल होने के ल‍िए गुरुवार को अलग-अलग देशों से भारत पहुंचे मेहमानों को स्‍वागत क‍िया गया।

इस दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में तस्‍वीरें साझा करते हुए बताया क‍ि ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने दिल्ली पधारे रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का हार्दिक स्वागत क‍िया।

बैठक से पहले विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के दौरान ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा और मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम एडम से मुलाकात की। इन बैठकों में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ तथा भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति और ब्रिक्स अध्यक्षता को लेकर सहयोग पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, 14 मई की सुबह 10 बजे विदेश मंत्रियों का आगमन भारत मंडपम में होगा। इसके बाद 10.30 बजे पहले सेशन की शुरुआत होगी। फिर दिन के 1 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ‘सेवा तीर्थ’ में सभी मंत्रियों की संयुक्त मुलाकात होगी।

इसके बाद 3.10 बजे दूसरे सत्र की शुरुआत होगी। फिर शाम 7 बजे विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की तरफ से भारत मंडपम में ही डिनर का आयोजन किया जाएगा। समिट के अगले दिन, 15 मई को, सुबह 10 बजे तीसरे सेशन की शुरुआत होगी।