Friday, August 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

0
2

ग्रेटर नोएडा, 14 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना पुलिस ने नकली सोना दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने और असली ज्वैलरी व नकदी ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों और एक महिला आरोपी समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में पीली धातु के मोतियों के गुच्छे और सिक्के, तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आम लोगों को नकली सोना दिखाकर लालच देते थे और फिर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में एक महिला के साथ ठगी की घटना सामने आई थी। महिला के पास पहले एक व्यक्ति आकर बैठा। कुछ देर बाद दूसरा व्यक्ति भी वहां पहुंचा और उसने बताया कि उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है तथा वह अपने घर से पैसे लेकर आया है। इसके बाद पहले से बैठे व्यक्ति ने महिला से कहा कि दोनों मिलकर उसकी मदद कर सकते हैं और उसके पास मौजूद रकम को आपस में बांट सकते हैं।

आरोपी ने महिला को विश्वास में लेने के लिए अपनी सोने की अंगूठी देने की बात कही और महिला से भी अपनी ज्वैलरी देने के लिए कहा। आरोपी की बातों में आकर महिला ने अपनी गले की चेन और कान के कुंडल उसे दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को गुमराह कर मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने पर बिसरख थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। शुक्रवार को पुलिस टीम ने नेफोवा छठ घाट की ग्रीन बेल्ट से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर राय, विशाल राय, संजू राय, सेवा राम राय और मीना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से पीली धातु के दो मोतियों के गुच्छे, जिनका कुल वजन 5 किलो 224 ग्राम, तथा पीली धातु के सिक्के, जिनका वजन 3 किलो 338 ग्राम बरामद हुए हैं। इसके अलावा तीन लाख रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के 10 कीपैड मोबाइल फोन, नौ मोबाइल बैट्री, छह स्मार्टफोन और संजू के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी किशोर राय और उसके साथियों ने पुलिस को बताया कि वे मिलकर आम लोगों को नकली सोना दिखाकर ठगी करते थे। आरोपियों का एक तरीका यह भी था कि वे कागजों की गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर लोगों को बड़ी रकम होने का विश्वास दिलाते थे। इसके बाद सोने या पैसों के लालच में लोगों को फंसाकर उनसे नकदी अथवा असली ज्वैलरी ले जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में किशोर राय की उम्र करीब 42 वर्ष, विशाल राय की करीब 21 वर्ष, संजू राय की करीब 30 वर्ष, सेवा राम राय की करीब 60 वर्ष और मीना की करीब 56 वर्ष बताई गई है। सभी मूल रूप से फिरोजाबाद के जैन नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में शाहबेरी के युसुफपुर चक में रह रहे थे। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले कितने लोगों को इसी तरीके से ठगी का शिकार बनाया है और बरामद पीली धातु व नकदी का इस्तेमाल किन घटनाओं में किया गया था।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम