SGSU Advertisement
Home अपराध नालंदा के बिहारशरीफ में शिव मंदिर के अंदर तोड़फोड़, तीन नाबालिग पुलिस...

नालंदा के बिहारशरीफ में शिव मंदिर के अंदर तोड़फोड़, तीन नाबालिग पुलिस हिरासत में

0
1

नालंदा, 13 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले में एक शिव मंदिर के अंदर कथित तौर पर तोड़फोड़ और पेशाब किए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संयम बरतते हुए पुलिस को सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने 4 से 5 साल की उम्र के तीन बच्चों को हिरासत में लिया है।

यह मामला नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर थवई मोहल्ले का है। शिव मंदिर में शनिवार को इस शर्मनाक करतूत को अंजाम दिया गया। कुछ बच्चों ने मंदिर परिसर में न सिर्फ पत्थरबाजी की, बल्कि वहां स्थित मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने का भी प्रयास किया। यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बच्चे कथित तौर पर मंदिर के अंदर पेशाब करते हुए भी नजर आए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संयम बरतते हुए पुलिस को सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नालंदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 3 बच्चों को निरुद्ध कर लिया है।

स्थानीय युवक सूरज कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि शनिवार जब वह मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि वहां बहुत सारे ईंट-पत्थर गिरे हुए हैं। शुरुआत में उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया और मंदिर परिसर को धोकर साफ कर दिया। बाद में जब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में साफ दिख रहा था कि कुछ बच्चे आए, जिन्होंने मंदिर पर ईंट-पत्थर मारे, शिवलिंग के पास पेशाब किया। बच्चे गाली गलौच भी कर रहे थे।

सूरज कुमार ने कहा कि क्षेत्र में माहौल न बिगड़े, इसलिए हमने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के रास्तों पर अवैध अतिक्रमण हो चुका है। आसपास के मौहाल के कारण और एक रास्ता बंद किए जाने के कारण लोग मंदिर नहीं जा पाते हैं। सूरज ने यह भी बताया कि पहले भी ऐसी घटनाएं घट चुकी हैं।

मंदिर में पूजा-पाठ करने वाले अमन कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में अधिकतर मुस्लिम आबादी रहती है और जिस मंदिर में घटना हुई, वह इस क्षेत्र का एकमात्र मंदिर है। यहां शरारती तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। बच्चों ने जानबूझकर मंदिर के गेट पर पत्थर चलाए और अंदर जाकर पेशाब किया। अमन ने बताया कि इससे पहले भी इस मंदिर में चोरी की घटना हो चुकी है। इन घटनाओं से स्थानीय हिंदू श्रद्धालुओं की भावनाएं लगातार आहत हो रही हैं।

जानकारी के अनुसार, बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर-41 में इस मंदिर का निर्माण हुआ है। इसी वर्ष महाशिवरात्रि पर बिहारशरीफ के विधायक सुनील कुमार ने 14 लाख 90 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया था। इसके बाद से ही यहां सुबह-शाम नियमित पूजा-पाठ हो रहा है। मंदिर का काम पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है और अब तक बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं कराया गया है, जिससे शरारती तत्वों को अंदर घुसने का मौका मिल जाता है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में आवेदक आरव राज के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शहर के सांप्रदायिक सौहार्द और विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के मद्देनजर, मंदिर और उसके आस-पास दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। तीन बच्चों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।