Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home राज्य अन्य राज्य नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना में संत रविदास जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल,...

नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना में संत रविदास जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल, कहा-महापुरुषों से लें प्रेरणा

0
4

ग्वालियर, 20 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर गुरुवार को मुरैना में आयोजित संत रविदास जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकाली जा रही यात्रा में भी भाग लेंगे।

नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर में आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “आज परम पूज्य रविदासजी को स्मरण करने के लिए पूरे प्रदेश भर में उल्लास से लोग इकट्ठा हैं। मैं भी मुरैना में उनके विचारों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए जो यात्रा का आयोजन किया जा रहा है उसमें पहुंच रहा हूं।”

उन्होंने संत रविदास जी को प्रदेश की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा, “संत रविदास जी हम सबकी प्रेरणा हैं और हमारे जीवन का मार्ग प्रशस्त करने वाले हैं। मैं इस अवसर पर उनके चरणों में प्रणाम करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि प्रभु हम सबको शक्ति दे कि हम संत रविदास जी के बताए हुए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सार्थक कर सकें।”

संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुरैना में भी इस अवसर पर शोभायात्रा और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य संत रविदास जी के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को आम जनता तक पहुंचाना है।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने ग्वालियर से कोटा तक रेल लाइन के नैरो गेज से ब्रॉड गेज में परिवर्तन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “ग्वालियर से श्योपुर और श्योपुर से कोटा तक विस्तार यह नैरो गेज, ब्रॉड गेज में परिवर्तित हो रही है। यह हम सबके लिए सौभाग्य और प्रसन्नता का विषय है।”

नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इस परियोजना से पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने कहा, “इससे इस समूचे क्षेत्र का विकास होगा। यहां यातायात की सुविधा तो बढ़ेगी ही लेकिन साथ ही साथ व्यापार भी बढ़ेगा और क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों को लगभग लाभ मिलेगा।”