SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आज कुंभ मेले का ध्वजारोहण, राष्ट्रपति मुर्मु और सीएम फडणवीस...

नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आज कुंभ मेले का ध्वजारोहण, राष्ट्रपति मुर्मु और सीएम फडणवीस फहराएंगे धर्मध्वजा

0
5

नासिक, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के 2 धार्मिक शहरों नाशिक और त्र्यंबकेश्वर में शनिवार को कुंभ मेले का ध्वजारोहण होने जा रहा है। नासिक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कुंभ ध्वजारोहण करेंगी, जबकि त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त तीर्थ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस धर्मध्वजा फहराएंगे।

यह कार्यक्रम सिंहस्थ महाकुंभ के औपचारिक शुभारंभ का महत्वपूर्ण चरण होगा। दोनों स्थानों पर एक ही समय में दोपहर 12 बजकर 2 मिनट पर ध्वजारोहण किया जाएगा।

फिलहाल, नासिक में कुंभपर्व के शुभारंभ का ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर देखने को मिल रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन को लेकर प्रशासन और नागरिकों में खासा उत्साह है। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार नासिक से ओझर एयरपोर्ट की ओर रवाना हो गए हैं।

खास बात यह है कि कुंभपर्व के इतिहास में पहली बार किसी महिला राष्ट्रपति के हाथों ध्वजारोहण होने जा रहा है। यह पूरे महाराष्ट्र के लिए गर्व और आनंद का क्षण है। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर सभी में उत्साह का माहौल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों होने वाला ध्वजारोहण कुंभपर्व के शुभारंभ को यादगार बनाने जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक बयान में कहा कि नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के तहत चल रहे बुनियादी ढांचे के सभी कार्य निर्धारित समय पर, बल्कि समय से पहले पूरे किए जाएंगे। इन कार्यों पर मुख्यमंत्री स्वयं निगरानी रख रहे हैं और हमारा भी सभी कार्यों पर पूरा ध्यान है।

त्र्यंबकेश्वर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों कुंभ मेले का ध्वजारोहण किया जाएगा। कुशावर्त में इस समारोह की भव्य तैयारियां की गई हैं। पूरे परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। ब्रह्मवृंदों की ओर से मंत्रोच्चार के बीच ध्वज स्तंभ और ध्वज का विधिवत पूजन किया गया। दोपहर 12 बजकर 2 मिनट पर मुख्यमंत्री के हाथों धर्मध्वजा फहराई जाएगी। इसके साथ ही महाकुंभ के शुभारंभ का शंखनाद होगा।