Wednesday, August 19, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth नौकरी का सुनहरा अवसर: प्रशासनिक अधिकारी समेत 34 पदों के लिए तुरंत...

नौकरी का सुनहरा अवसर: प्रशासनिक अधिकारी समेत 34 पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, 21 अगस्त अंतिम तिथि

0
4

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल, नई दिल्ली ने प्रतिनियुक्ति के आधार पर विभिन्न 34 पदों को भरने के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

वीएमएमसी की ओर से जारी 34 रिक्तियों में सहायक प्रशासनिक अधिकारी के 24, प्रशासनिक अधिकारी के 7 और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के 3 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि रोजगार समाचार में संबंधित पोस्ट के लिए विज्ञापन जारी होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर यानी 21 अगस्त तय की गई है।

ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान से डिग्री; प्रशासन, स्थापना और अकाउंट्स से जुड़े मामलों में अनुभव आदि होना चाहिए। आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों और दस्तावेजों की जांच और सक्षम प्राधिकारी द्वारा चयन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी सहायक प्रशासनिक अधिकारी के लिए 35,4000 से 1,12,400 रुपए के बीच, प्रशासनिक अधिकारी के लिए 47,600 से 1,51,100 रुपए और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के लिए 56,100 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘डायरी अनुभाग, वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल, नई दिल्ली का नंबर 2’ के पते पर डाक या अन्य माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले सुबह 9 से शाम 4 बजे के बीच पहुंचा दें।