एनडीए नेताओं ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले-महिला आरक्षण का विरोध समझ से परे

0
3

पटना, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल पारित न होने पर बिहार एनडीए के नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इसका जवाब जल्दी मिलने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा, “प्रधानमंत्री ने बिल्कुल सही बात कही है। प्रधानमंत्री और उनके नेतृत्व में हमारी पार्टी सहित एनडीए के सभी दल महिला आरक्षण का समर्थन करते हैं।”

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा, “प्रधानमंत्री ने जो कहा है, वह बिल्कुल वाजिब कहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए के सभी दलों का महिला आरक्षण के प्रति सभी का समर्थन है और बिहार तो उसमें अग्रणी रहा है। आज अगर प्रधानमंत्री महिलाओं को संसद में और विधानसभाओं में एक तिहाई पद आरक्षित कर रहे थे, तो यह स्वागत योग्य बात थी और सभी दलों को इसका समर्थन करना चाहिए था। पता नहीं किस राजनीतिक सोच के तहत विपक्ष इसका विरोध कर रहा है। उनको ऐसा नहीं करना चाहिए था।”

उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग केवल जनता के खिलाफ काम कर रहे हैं। जनता की समस्याओं पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं, जो सही नहीं है। जनता इसका जवाब जल्दी देगी।

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, ‘विपक्ष के लोगों को जनता की समस्याओं के बारे में बात करना चाहिए, लेकिन करते नहीं है। इसकी वजह से महिला आरक्षण संशोधन बिल पारित नहीं हो पाया।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में विकास कार्यों को लेकर कई दावे किए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर मुझे ऐसे उदाहरण देखने को नहीं मिले। ममता बनर्जी के बारे में एक बात बिल्कुल साफ है कि वह मुद्दों पर आधारित राजनीति नहीं करतीं। उन्हें महिलाओं के आरक्षण से कोई सरोकार नहीं है।”

नीरज कुमार ने कहा, “पश्चिम एशिया में जारी तनाव चिंता का विषय है और भारत पर भी इसका कुछ हद तक असर पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में हमने अपनी आपत्ति जताई है और दुनिया ने देखा है कि आतंकवाद का समर्थन करने वाली ताकतों से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए सख्ती से निपटा गया। यह कार्रवाई सभी दलों की आम सहमति पर आधारित थी। हम शांति और सद्भाव के पक्षधर हैं, लेकिन अगर हमें उकसाया गया, तो हम किसी को भी नहीं बख्शेंगे।”