Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध नीट में कम अंक आने से परेशान छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड...

नीट में कम अंक आने से परेशान छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में में लिखा ‘सॉरी आई और अप्पा…’

0
4

छत्रपति संभाजीनगर, 20 अगस्‍त (आईएएनएस)। छत्रपति संभाजीनगर के वैजापुर तालुका के खंडाला गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नीट में कम अंक प्राप्‍त करने की वजह से 19 साल के छात्र ने आत्‍महत्‍या कर ली।

आत्महत्या से पहले उसने दो लाइन का एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें डॉक्‍टर न बन पाने का कष्‍ट दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद परिवारवाले दुखी हैं।

छत्रपति संभाजीनगर के वैजापुर तालुका के खंडाला गांव में नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र का नाम सूरज सुभाष शिंदे बताया जा रहा है। प्राथमिक पुलिस जांच के मुताबिक, नीट परीक्षा में कम अंक आने के बाद सूरज परेशान था और इसी निराशा में उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

सूरज घर पर ही नीट की तैयारी कर रहा था। आत्महत्या से पहले उसने दो लाइन की एक चिट्ठी भी लिखी, जिसमें उसने अपनी मां और पिता से माफी मांगते हुए लिखा, ‘सॉरी आई और अप्पा, अगले जन्म में आपके लिए डॉक्टर बनूंगा। अपना ख्याल रखना और खुश रहना।’

घटना के समय परिवार के सदस्य गांव में चल रहे कार्यक्रम के लिए बाहर गए हुए थे। बुधवार दोपहर करीब दो बजे परिवार के लोग घर लौटे और सूरज को फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद था।

इसके बाद सूरज की छोटी बहन ऊपर के कमरे में गई, जहां वह फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। बहन की चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और सूरज को तुरंत वैजापुर उपजिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूरज का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। वैजापुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।