Saturday, August 22, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth नीट-पीजी के कारण 27 से 31 अगस्त तक सीजीएचएस वेलनेस सेंटर बंद...

नीट-पीजी के कारण 27 से 31 अगस्त तक सीजीएचएस वेलनेस सेंटर बंद रहने का दावा गलत : स्वास्थ्य मंत्रालय

0
5

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) द्वारा 30 अगस्त को देश भर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा – स्नातकोत्तर (नीट-पीजी) 2026 का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, एग्जाम आयोजित होने से पहले एक खबर लोगों के बीच काफी फैल रही है। वह खबर है कि नीट-पीजी ड्यूटी के लिए मेडिकल अधिकारियों की तैनाती के कारण 27 से 31 अगस्त तक केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) वेलनेस सेंटर बंद रहेंगे।

इसको लेकर शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया कि नीट-पीजी ड्यूटी के लिए मेडिकल अधिकारियों की तैनाती के कारण 27 से 31 अगस्त तक सीजीएचएस वेलनेस सेंटर बंद रहने का दावा करने वाला नोटिस पूरी तरह झूठा और अनधिकृत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने साफ किया कि सभी सीजीएचएस वेलनेस सेंटर अपने तय कामकाज के समय के अनुसार काम करेंगे। इसी के साथ स्वास्थ्य मंत्रालय ने लाभार्थियों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक सीजीएचएस चैनलों के जरिए दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें। ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें।

जानकारी के लिए बता दें कि एनबीईएमएस की ओर नीट-पीजी के लिए एडमिट कार्ड 24 अगस्त को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है। वहीं, परीक्षा 30 अगस्त को एक ही शिफ्ट में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 720 अंक के लिए 180 बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) पूछे जाएंगे।

परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर देने के लिए 4 अंक दिए जाएंगे और प्रत्येक गलत उत्तर देने के लिए 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग की जाएगी।

एनबीईएमएस ने नीट-पीजी 2026 में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया लिंक आधिकारिक वेबसाइट पर 1 जुलाई को सक्रिय कर दी थी और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई तय की गई थी। वहीं, नीट-पीजी में शामिल होने के लिए जिन अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की थी, उनके लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप 11 अगस्त को जारी कर दी गई है।