पटना, 20 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह ने नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा को लेकर सरकार की मॉकड्रिल का समर्थन करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। सरकार चाहती है कि देश के भविष्य और विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े तथा वे बेहतर माहौल में परीक्षा देकर संतोष और खुशी के साथ अपने घर लौटें।
पटना में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम के बाद आईएएनएस से बातचीत करते हुए संजय सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें छात्रों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए मॉकड्रिल जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार लगातार इस दिशा में प्रयासरत है ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
मंत्री ने कहा कि पीएम हमेशा इस बात को लेकर संवेदनशील रहते हैं कि देश की जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रधानमंत्री लगातार लोगों के जीवन को आसान बनाने और विभिन्न वर्गों के हितों की रक्षा के लिए नई योजनाएं और पहल लागू करते रहते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार का उद्देश्य युवाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जनता दरबार के संबंध में जानकारी देते हुए संजय सिंह ने बताया कि बिहार के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें भूमि विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनसरोकार से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल हैं। सरकार और जनप्रतिनिधियों का प्रयास है कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान किया जाए।
उन्होंने स्वर्गीय रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा आम लोगों की समस्याओं को सुनते थे और उनके समाधान के लिए सक्रिय रहते थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय मंत्री और पार्टी नेता चिराग पासवान भी जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हैं। सांसद रहने के दौरान भी चिराग पासवान ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए प्रयास किए। यही कारण है कि जनता दरबार और जनप्रतिनिधियों पर गहरा विश्वास बना हुआ है।
मंत्री ने बताया कि जनता दरबार में आने वाले लोगों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जा रहा है और उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सरकार का उद्देश्य लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
गर्मी के मौसम को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार और संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं और स्थिति की निगरानी की जा रही है। सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि भीषण गर्मी के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहें।

